वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

महेंद्रगढ़ बस हादसा  मनाली से जयपुर लौट रही वोल्वो बस ट्रक से टकराई ड्राइवर और कंडक्टर की मौत 16 यात्री घायल


महेंद्रगढ़ (हरियाणा): हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनाली से जयपुर लौट रही एक वोल्वो टूरिस्ट बस राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर एक खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक तथा कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना महेंद्रगढ़ के बुचावास कट के पास तड़के करीब 5 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, तभी मनाली से जयपुर जा रही वोल्वो बस पीछे से उसमें घुस गई। ट्रक में लोहे के एंगल लदे हुए थे, जो टक्कर के बाद बस के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक घुस गए।


हादसे में बस चालक सोमवीर (30) और कंडक्टर दिलखुश (31) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों जयपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तुरंत महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई यात्रियों का इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि चालक को नींद आने के कारण हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
रिपोर्ट: वरिष्ठ पत्रकार कुलविंदर सिंह
Propunjabnews.com

Pro Punjab News
Author: Pro Punjab News

Leave a Comment

ਹੋਰ ਪੜ੍ਹੋ
और पढ़ें