लुधियाना/खन्ना, 22 जून (कुलविंदर सिंह)
पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना के पास नेशनल हाईवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब 90 यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।
जानकारी के अनुसार यह बस लुधियाना के प्रताप चौक से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की ओर जा रही थी। बस करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी थी कि अचानक उसमें से धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को तुरंत बाहर निकलने के लिए कहा।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। समय रहते राहत कार्य होने के कारण बस में सवार सभी 90 यात्री सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। बस में रखा लाखों रुपये का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा बीड़ी-सिगरेट पीना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से चले गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर
रिपोर्टर: कुलविंदर सिंह
ProPunjabNews.com







